शिक्षा कायाकल्प योजना हुई शुरू
बुढ़ाना। प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रथम फाउंडेशन के सहयोग से शिक्षा कायाकल्प योजना आरंभ की है। इस योजना के तहत प्राथमिक स्कूलों के अध्यापक व अध्यापिकाओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण आरंभ हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। इस दौरान शिक्षकों को शिक्षा स्तर सुधारने के टिप्स दिए गए। प्रशिक्षक हरेंद्र मलिक, उम्मेद अली ने अध्यापक और अध्यापिकाओं को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि बच्चों को अक्षर व मात्राओं का ज्ञान गतिविधियों द्वारा कराया जाए। अच्छा अध्यापक वही होता है जिसकी नजर कक्षा के प्रत्येक विद्यार्थी पर होती है। खंड शिक्षाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले परिषदीय विद्यालय के प्रत्येक अध्यापक को विशेष टूल किट दी गई है। इस मौके पर वरिष्ठ एबीआरसी आंनद मलिक, सोमदत्त शर्मा, संजीव मलिक आदि रहे।