बुढ़ाना। मुस्लिम राजपूत एकता मंच की बैठक में सभी वक्ताओं ने बिरादरी के बच्चों की शिक्षा पर बल दिया।
कोतवाली क्षेत्र के परासौली गांव के एक स्कूल में रविवार को मुस्लिम राजपूत एकता मंच की बैठक हुई। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष हसीन पुंडीर ने कहा कि हमारे समाज में शिक्षा का अभाव है। उच्च शिक्षा से ही हम सफलता प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा के अभाव के कारण समाज का विकास नहीं हो पा रहा है। पूर्व विधायक राव वारिस ने कहा कि बच्चों की उच्च शिक्षा से ही समाज तरक्की कर सकता है। उनके समाज में शिक्षा का बहुत बड़ा अभाव है। उन्होंने बिरादरी के विकास के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। पूर्व विधायक सिवालखास हाजी गुलाम मौहम्मद ने भी बिरादरी के विकास के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने तथा बिरादरी के संगठन पर बल दिया। मंच की पदाधिकारी जुनैबा पुंडीर ने बिरादरी की लड़कियों की शिक्षा पर बल दिया। कहा कि लड़कियों की उच्च शिक्षा से ही समाज तरक्की कर सकेगा। कार्यक्रम में अय्यूब, यासीन, नफीस, जिला पंचायत सदस्य अब्दुल जब्बार, नौशाद, हसीन, यासीन व हनीफ आदि ने भी विचार व्यक्त किए।