मुजफ्फरनगर। पूर्व राज्यसभा सदस्य राजपाल सैनी ने कहा कि बसपा दलितों और ओबीसी के उत्थान के लिए संघर्ष कर रही है। 14 सितंबर को प्रांतीय अध्यक्ष के जिले में आगमन पर वहलना चौक स्थित गणेश वाटिका में कार्यकर्ताओं को सम्मेलन होगा। देवपुरम स्थित आवास पर पूर्व सांसद सैनी ने कहा कि भाजपा समाज को बांटना चाहती है। विद्वेष की राजनीति से समाज का भला होने वाला नहीं है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के नेतृत्व में पार्टी समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा शासन में दलितों की हत्याएं और उत्पीड़न बढ़ा है। जिले में बीते दस माह में सात दलितों की हत्या कर दी गई है, लेकिन पुलिस प्रशासन गरीबों को सुरक्षा नहीं दे पा रहा है। बसपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाए और पीड़ितों की मदद करेंगे। सैनी ने बताया कि 14 सितंबर को बसपा के प्रांतीय अध्यक्ष आरएस कुशवाह पहली बार जिले में आएंगे। उनके स्वागत कार्यक्रम के मौके पर ओबीसी एवं दलित सम्मेलन बुलाया गया है। खतौली विधानसभा प्रभारी शिवान सैनी मौजूद रहे।