मुजफ्फरनगर। जिले में डेंगू एवं अन्य संक्रामक रोगों पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने कहा कि इस समय संक्रामक रोगों का संचरण काल है। ये सभी रोग मच्छरों के काटने से फैलते हैं। रोग वाहक मच्छरों की वृद्धि को रोककर हम इस बीमारियों पर नियंत्रण कर सकते हैं। जिला चिकित्सालय के रेडक्रास भवन में आयोजित कार्यशाला में सीएमओ ने कहा कि विगत वर्ष जनपद में डेंगू और चिकनगुनिया का प्रकोप हुआ था। इन रोगों पर काबू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार व्यापक तैयारी की है। लोगों को जागरूकता के लिए निकायों में समन्वय बैठक की जा रही है। प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में एक शिक्षक को प्रशिक्षण दिया गया है। 31 जुलाई तक पूरे जिले में संचारी एवं संक्रामक रोग नियंत्रण माह मनाया जा रहा है। रोग के प्रभावी नियंत्रण को हर रविवार मच्छर पर वार अभियान चलाया जायेगा। कार्यशाला में अलका सिंह, गीतांजलि वर्मा आदि रहे।