मुजफ्फरनगर।
मेरठ रोड पर हुए सड़क हादसे में शिक्षक की पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अवध विहार निवासी रामधीर त्यागी पुत्र सियाराम शहर के एसडी गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिक्षक है। रामधीर सोमवार दोपहर पत्नी ललिता के साथ बाइक द्वारा अपने घर से एटूजेड कालोनी जा रहा था। जब वे वहलना चौक पर निकट बाग के पास पहुंचे, तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाईक को चपेट में लेकर टक्कर मार दी। कुचले जाने से ललिता की मौत हो गई, जबकि शिक्षक घायल हो गए। सूचना पर डायल 100 के सिपाहियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। घायल पति की ओर से सिविल लाइन थाने पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, नई मंडी क्षेत्र के गांव सिलाजुड्डी निवासी होमगार्ड धर्मेंद्र रविवार रात बाइक से गांव जा रहा था। जानसठ रोड पर बाईपास के निकट उसकी बाइक एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया। मंसूरपुर में गन्ने से भरे ट्राली और कार के बीच हुई भिड़ंत में कार सवार नोएडा निवासी नादिर घायल हो गया। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।