मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। ब्लॉक मुख्यालय पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 54 जोड़ों का हिंदू और 28 जोड़ों का मुस्लिम रीति रिवाज से विवाह कराया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
शुकतीर्थ से पधारे कथा वाचक अजय कृष्ण शास्त्री और पंडित संजय मिश्रा ने हिंदू जोड़ों का विवाह विधि-विधान से मंत्रोचारण के बीच संपन्न कराया। मुफ्ती जीशान युसूफ ने 28 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने दुल्हन को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कन्यादान के रूप में 35 हजार रुपये का चेक, 51 बर्तन, पायल, चुटकी प्रदान कर आशीर्वाद दिया।
ब्लाक प्रमुख अनिल राठी ने सभी दूल्हों को जीवन में कभी भी नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से भोजन किया। भजनोपदेशक घनश्याम प्रेमी ने अनेक भजन प्रस्तुत किए। बीडीओ सतीश कुमार, संयोजक एडीओ सुधीर बालियान, सहायक विकास अधिकारी योगेश दत्त त्यागी, बलवान सिंह, रामपाल, संजीव कुमार, जिला पंचायत सदस्य तरुण पाल, भाजपा मंडल महामंत्री अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।