डिग्री कॉलेज में कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
खतौली। केके जैन डिग्री कालेज में पिछले तीन दिनों से चल रही शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आकाश जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को महाविद्यालय की प्राचार्या डा. नीतू वशिष्ठ ने उनको फोन पर अवगत कराया कि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, मेरठ कार्यालय से हुई बातचीत के अनुसार 18 फरवरी को सभी कर्मचारियों का वेतन निर्गत कर दिया जाएगा। प्राचार्या के इस आश्वासन पर बेमियादी हड़ताल समाप्त कर दी गई है। कर्मचारियों ने बैठक आयोजित कर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 18 फरवरी तक उनको वेतन नहीं मिला तो वे 19 फरवरी से फिर से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान राय सिंह, रामअवतार सिंह, मंजू ठाकुर, पारुल जैन, विज्येंद्र कुमार सिंह, राहुल जैन, मुकुल जैन, रमेश, तिलकराज, सतीश कुमार, सुभाष चंद, मनोज मलिक, सुरेश कुमार, विनय कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे।