पुरकाजी। अवैध शराब बेचने की शिकायत पर पुलिस द्वारा युवक को थाने लाने पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने युवक को रिहा कर दिया।
सोमवार रात पुलिस को गांव नूरनगर में कच्ची शराब बिकने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने गांव में दबिश दी तो शराब माफिया के मौके पर न मिलने पर पुलिस उसके पुत्र को थाने ले आई। जिसकी जानकारी मिलने पर कुछ ग्रामीण रात्री में ही थाने पहुंचे और युवक को निर्दोष बताते हुए हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर ग्रामीणों को बेवजह परेशान करने का आरोप भी लगाया। इंस्पेक्टर ने युवक को थाने लाने वाले पुलिस कर्मियों से मामले की जानकारी की। बाद में युवक को रिहा कर दिया और दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इंस्पेक्टर अमरदीप का कहना है कि युवक का पिता शराब माफिया है, जिसकी तलाश में दबिश दी गई थी। मगर वह नहीं मिला, जिस पर पुलिस उसके पुत्र को थाने ले आयी थी। युवक पढ़ाई कर रहा है, उसका कोई दोष नहीं था, इसलिए उसे रिहा कर दिया गया है।