मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन आज कलक्ट्रेट घेरेगी। चीनी मिलों में पेराई शुरू करने और गन्ना भुगतान मुख्य मुद्दा होगा। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत का कहना है कि किसान गन्ना लेकर कलक्ट्रेट पहुंचेंगे और गन्ना डीएम ऑफिस में भरेंगे। भाकियू पूर्व दी गई चेतावनी के आधार आज कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेगी। भाकियू ने चेतावनी दी थी कि यदि चीनी मिले 25 अक्तूबर तक नहीं चली तो वह गन्ना डीएम ऑफिस में भर देगी। भाकियू जिलाध्यक्ष ने बताया कि कलेक्ट्रेट में पहुंचने वाले किसान साथ में गन्ना लेकर पहुंचेंगे और इस गन्ने को डीएम ऑफिस में भरा जाएगा। सरकार ने समय पर चीनी मिल शुरू नहीं कराई है और न ही बकाया भुगतान अभी तक हुआ है, इससे किसान नाराज है। उधर, भाकियू के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस को पूरी तरह अलर्ट किया गया है।