खतौली। जिला बागपत के कस्बा दोघट निवासी सचिन शर्मा पुत्र लाल बहार शनिवार की देर रात मीरापुर से अपनी कार से घर लौट रहा था। मीरापुर रोड पर गांव घटायन मोड़ के पास अचानक कार पेड़ से टकराई और खाई में गिरकर पलट गई। कार के खाई में गिरने से चालक सचिन शर्मा घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल चालक ने अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि वह मीरापुर से लौट रहा था। रास्ते में महिला और एक व्यक्ति ने उससे लिफ्ट लेकर कार में बैठे थे। इन दोनों ने रास्ते में उसको नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोशी हालत में हो गया था, जिस कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर खाई में जा पलटी। इसी दौरान महिला व उस व्यक्ति ने उसकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। घायल ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।