रिकार्ड लिस्ट गायब, नहीं खुल सकी सील
खतौली (मुजफ्फरनगर)।
नगर पालिका में न्यायिक तहसीलदार नीरज शर्मा एकाउंटेंट आफिस की सील खोलने पहुंचे तो रिकार्डों की लिस्ट गायब मिली। जिस कारण आफिस की सील नहीं खुल सकी।
19 जुलाई को ठेकेदारों ने पालिका चेयरमैन पर उनका भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। जिस पर तत्कालीन एडीएम ने एकाउंटेंट ऑफिस में चेक बुक समेत समस्त रिकार्डों की लिस्ट तैयार कर सील लगा दी थी। उस दिन से ऑफिस में सील लगी थी। अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार को न्यायिक तहसीलदार नीरज शर्मा नगर पालिका में सील खोलने के लिए पहुंचे। न्यायिक तहसीलदार ने पालिका कर्मचारियों से रिकार्डों की लिस्ट मांग तो वह गायब मिली। लिस्ट गायब होने से पालिका कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। रिकार्डों की लिस्ट नहीं मिलने पर न्यायिक तहसीलदार ने ऑफिस पर लगी सील खोलने से इंकार कर दिया और तहसील लौट गए। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई। इस दौरान ईओ विकास सैन भी पालिका में मौजूद रहे।