वकीलों ने अफसरों के रवैये पर रोष जताया
खतौली। टैक्स बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने आहत होकर जीएसटी कार्यालय में तैनात दो असिस्टेंट कमिश्नरों के दफ्तरों का बेमियादी बहिष्कार कर दिया है।
अधिवक्ता मोहम्मद खालिद के कार्यालय पर मंगलवार को हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जीएसटी कार्यालय में तैनात असिस्टेंट कमिश्नर पीसी चौरसिया व राजेश सेठ की कार्यप्रणाली से अधिवक्ताओं की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। इससे वकीलों में रोष व्याप्त है। बैठक में सर्वसम्मति से एकमत होकर प्रस्ताव पारित किया गया कि इन दोनों कमिश्नरों के दफ्तरों का पूर्णरूप से बहिष्कार किया जाता है। कोई भी अधिवक्ता अब इन कमिश्नरों के कार्यालय में नहीं जाएगा। कार्यालय के आवश्यक कार्य जैसे पंजीयन आदि डिप्टी कमिश्नर के लॉगिन पर पूर्ण किए जाएंगे। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी शिकायत भेज दी गई है। बैठक में अध्यक्ष नरेश जैन, सचिव पंकज शर्मा, अधिवक्ता रामकरन, ललित कुमार, संजीव कुमार, शीशपाल, मिर्जा आबिद अली, खालिद सिद्दीकी, विपिन कुमार आदि उपस्थित रहे।