डलावघर पर तैनात कर्मचारी सम्मानित
मुजफ्फरनगर। डीएम अजय शंकर पांडेय ने डलावघरों को साफ सुथरा रखने में अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया।
डीएम ने घोषणा की थी कि नगर क्षेत्र में डलावघरों को जो सफाई कर्मचारी साफ-सुथरा रखेगा उसे पुरस्कृत किया जाएगा। नगर क्षेत्र में चल रहे सफाई अभियान के दौरान अधिकारियों की टीम ने जनता से फीडबैक लेकर एवं स्थलीय निरीक्षण करके कर्मचारियों का चयन किया। जीआईसी के स्थित डलावघर पर तैनात विजय व मदन को प्रथम पुरस्कार में 2500 रुपये तथा प्रतीक चिह्न दिया। जिला अस्पताल के पास डलावघर पर तैनात रवि व सुनील को द्वितीय पुरस्कार 1500 रुपये तथा आर्य समाज रोड के डलावघर पर तैनात विनोद व निरंजन को 1100 रुपये व प्रतीक चिह्न दिया गया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, डिप्टी कलेक्टर अजय अम्बष्ट, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरएस राठी आदि मौजूद रहे।