चरथावल। ब्लॉक के कई गांवों में खेतों में आवारा गोवंश घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
कस्बे में रोहाना मार्ग और अलावलपुर के खेतों में गोवंश खुलेआम घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खेतों के अलावा घर-आंगन में आवारा पशुओं के घुसने के डर से ग्रामीणों को दिन में ही मुख्य गेट बंद रखना पड़ रहा है। दिनेश त्यागी और विजेंद्र कुमार बताते हैं कि खेतों में गेहूं के निकली पौध को भूखे गोवंश निवाला बना रही है। प्रदेश के सीएम के फरमान का चरथावल में कोई असर नहीं पड़ रहा है। पंचायत में अभी तक कोई बजट शासन से नहीं आने के कारण प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी इन्हें पकड़वाने में कतरा रहे है। लकडसंधा, सलेमपुर, खांजापुर आदि गांवों के चंद्रपाल और प्रवीण आदि का आरोप है कि नगरीय क्षेत्रों से आवारा घूमने वाले गोवंश को रात में सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों के खेतों में छोड़ा जा रहा है। गेहूं के अलावा ईख, बरसीम और सरसों के खेतों में घुसकर बर्बाद किया जा रहा है। बीडीओ डॉ. साजिद अहमद ने बताया कि शनिवार को जिला मुख्यालय पर सीडीओ ने तमाम जिले के ब्लॉक के अधिकारियों की बैठक ली है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण आवारा पशुओं को पकड़कर स्थानीय स्तर पर पशु आश्रय की व्यवस्था कर उनकी सुरक्षा करें। परस्पर सहयोग से ही इस समस्या का हल हो पाएगी। शासन से बजट आने के बाद विभाग उसी के अनुसार गो-संरक्षण इंतजाम करेगा।