- छात्र के पिता ने एसएसपी के आदेश पर तितावी थाने में मुकदमा दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पार्ट टाइम जॉब दिलाने का झांसा देकर शामली के प्रशासनिक विभाग में तैनात कर्मचारी के बेटे बीफार्मा के छात्र से साइबर ठग ने 70 हजार 531 रुपये ठग लिए। पीड़ित छात्र के पिता ने एसएसपी के आदेश पर तितावी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
शामली के प्रशासनिक विभाग में तैनात कर्मचारी इरफान अहमद का बेटा मोइन खान श्रीराम काॅलेज में बी फार्मा का प्रथम वर्ष का छात्र है। परिवार जसोई में रहता है। सात दिसंबर 2023 को उसके मोबाइल पर इमरान नाम के व्यक्ति ने मैसेज भेज कर पार्ट टाइम जॉब करने का ऑफर देकर कहा कि वह कोटा राजस्थान की एक कंपनी में काम करता है। उनकी कंपनी पार्ट टाइम जॉब देती है। एक वीडियो भी भेजी गई। बताया गया कि उसे बायो डाटा सही करने होंगे और प्रति बायो डाटा सही करने के उसे पचास रुपये मिलेंगे। एक आइडी बनानी होगी।
एक हजार रुपये एक क्यूआर कोड पर भेजने होंगे। इसके बाद क्यूआर कोड मिला जो मनीष के नाम से था। एक हजार रुपये भेजने के बाद 700 बायो डाटा भेजे गए। इस काम को करने के बदले में 35 हजार रुपये मिलने थे, लेकिन रुपये नहीं भेजे गए। बल्कि बहाने बनाकर छात्र से 70 हजार 531 रुपये जमा कराए गए। इस बारे में छात्र के पिता ने शामली एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद यह मामला एसएसपी मुजफ्फरनगर को बताया गया तब तितावी थाने में यह मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने जांच शुरू की है।