मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत ब्लॉक प्रांगण में हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत ब्लॉक प्रांगण में सजे पांडाल में 68 जोड़े एक दूजे के हो गए। हिंदू और मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार शादी की रस्म कराईं गई।
शनिवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित समारोह के लिए भव्य पंडाल सजाया गया था। ब्लॉक के गांवों के पात्र जोड़े परिवार सहित शामिल हुए। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री डाक्टर संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान एवं ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर रहे। उन्होंने नव युगलों को आशीर्वाद दिया। खंड विकास अधिकारी रंजीत सिंह ने योजना की जानकारी दी। दुल्हा-दुल्हन को शासन द्वारा प्रदत्त सामान वितरित किया।
उन्होंने बताया शादी के लिए 70 पंजीकरण हुए थे। दो वर नहीं आने के कारण उन्हें अपात्र घोषित किया गया। 57 हिंदू एवं 11 मुस्लिम जोड़ों की शादी कराई गई। निर्धारित अनुदान ऑनलाइन लड़की के खाते में भेजा जाएगा। वरिष्ठ लिपिक निरंकार त्यागी, मुथरा प्रधान वीरपाल, बलवाखेड़ी प्रधान के पति अशोक पुंडीर आदि मौजूद रहे।