-पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर किया मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। प्लाट बेचने के नाम पर महिला सहित तीन आरोपियों ने छह लाख सत्तर हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। नई मंडी के लक्ष्मण विहार निवासी सविता पुंडीर ने तहरीर देकर कहा कि उसने 22 मई को कंबल वाला बाग निवासी मनीषा पत्नी नितिन जो वर्तमान में लक्ष्मण विहार में रहती हैं। उससे छह लाख सत्तर हजार में सौ गज का एक प्लाट खरीदना तय किया था। यह रकम उसने मनीषा के एसबीआइ के खाते में आरटीजीएस व एनईएफटी के माध्यम से जमा करा दिए थे। तहसील में 40 हजार 350 रुपये का स्टांप लगाकर बैनामा तैयार कराया था। इस दौरान मनीषा व उसके पिता नरेश गुप्ता भी मौजूद थे। यह दोनों बैनामा कराए बिना ही धोखा देकर वहां से भाग गए। अगले दिन घर पहुंचने पर बैनामा न करने की शिकायत की तब बहाना बनाकर टरकाया गया और गाली गलौज की गई। मारने की धमकी दी। इस मामले में मनीषा, पति नितिन व मनीषा के पिता नरेश गुप्ता के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।