खतौली। रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात को दंपती ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। रविवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
शनिवार रात को रेलवे स्टेशन पर दंपती ने मुंबई से अमृतसर जा रही गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस को आते देखकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। शवों की शनाख्त आर्यपुरी भूड़ निवासी विपिन पुत्र कल्लू व उसकी पत्नी दीपिका के रुप में हुई थी। दीपिका गांव लाड़पुर की रहने वाली थी। दोनों ने पांच साल पूर्व कोर्ट मैरिज किया था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शव घर पहुंचे। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने गमगीन माहौल में शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। जीआरपी ने आत्महत्या करने के कारण को लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, दंपती के आत्महत्या करने के साथ ही मौत कारण भी दफन हो गया। एक साथ दोनों की चिता को जलती देखकर परिजनों और लोगों की आंखें नम हो गईं।