अंडरपास में गन्नों से भरी बुग्गी पलटी, रास्ता बंद
मंसूरपुर। रेलवे फाटक के पास अंडरपास के अंदर गन्नों से भरी भैंसा बुग्गी पलट जाने से रास्ता बंद हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को शाम 7.30 बजे गांव जोहरा निवासी राजबीर सिंह शुगर मिल में गन्नों से भरी भैंसा बुग्गी लेकर आ रहा था। रेलवे फाटक बंद होने के कारण किसान अंडरपास के अंदर से गन्नों से भरी बुग्गी ले जा रहा था। बुग्गी अंडरपास के बीच में पहुंची, अंडरपास की दीवार से रगड़ खाकर पलट गई। इससे दोनों ओर का रास्ता जाम हो गया। सूचना पर रालोद नेता विकास बालियान, किसान नेता मोहित बालियान, संजीव राठी, अंकित बालियान आदि मौके पर पहुंचे। किसानों का कहना था कि कई बार पहले भी अंडरपास के अंदर बुग्गी पलट जाने से भैंसें को चोट लग चुकी है। अंडरपास का रास्ता संकरा है तथा उस पर चढ़ाई भी है। सूचना पर थाना प्रभारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उनका कहना था कि शुगर मिल से लोडर मंगवा कर गन्नों को हटवाया जा रहा है।