कर्मचारियों और शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार किया
बुढ़ाना। उत्तर प्रदेश शिक्षक कर्मचारी पेंशन बहाली मंच की बैठक में शिक्षकों व कर्मचारियों ने कार्यों का बहिष्कार किया।
तहसील क्षेत्र के गांव खरड़ के किसान इंटर कालेज में बृहस्पतिवार को उप्र शिक्षक कर्मचारी पेंशन बहाली मंच की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में किसान इंटर कालेज के सभी शिक्षकों व कर्मचारियों ने कार्यों का बहिष्कार करते हुए भाग लिया। मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को भी शिक्षक व कर्मचारी कार्यों का बहिष्कार करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि विधायक व सांसद एक बार बन जाने के बाद उसकी पेंशन निश्चित हो जाती है। शिक्षक व कर्मचारी समर्पित भाव से सरकारी कार्य करते हैं, उन्हें भी पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य यशपाल सिंह, प्रभाकांत पांड़ेय, शिवजतन दिपांकर, अजय सिंह, अखिलेश शर्मा, सुनील आदि मौजूद रहे।