कार पेड़ से टकराई, छह लोग घायल
खतौली, गांव सठेड़ी गंगनहर कांवड़ मार्ग पटरी पर अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकरा गई, जिससे कार में सवार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर घायलों को उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गांव सरधना निवासी रिजवान अपने परिवार के लोगों जाफिरा, तस्लीम, हज्जन, हमीदा आदि को साथ अपनी कार से मुजफ्फरनगर से लौट रहे थे। बुधवार की सुबह जब सभी लोग कांवड़ गंगनहर पटरी मार्ग से होते हुए लौट रहे थे तो सठेड़ी गंगनहर के समीप अचानक उसकी कार अनियंत्रित होकर पास ही एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार घायल हो गए। राहगीरों ने दौड़क़र घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।