जानसठ। गांव राजपुर कलां में पिछले छह माह से ग्राम सचिव के नहीं आने से विकास कार्य नहीं हुआ है। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव राजपुर कलां की ग्राम प्रधान कमलेश देवी के पुत्र रवि चौधरी ने बीडीओ विजय प्रताप यादव से मिले। बताया कि पिछले छह माह से ग्राम सचिव गांव में नहीं गया है। जिस कारण गांव का विकास कार्य ठप हो गया है।ग्राम सचिव के गांव में न आने से तालाब की सफाई का काम भी पूरा नहीं हो पाया है तथा गांव के अन्य विकास कार्य अभी तक अधूरे पड़े हैं। बीडीओ विजय प्रताप यादव ने ग्राम सचिव को बुलाकर गांव की समस्याओं का तुरंत समाधान करने का आश्वासन दिया है। ग्राम सचिव ध्रुव कुमार ने बताया कि काम अधिक होने के कारण गांव में नहीं जाना हुआ। लेकिन उनका प्रतिनिधि लगातार गांव में जाता रहा है। पुराने कार्यों का पैसा भी शीघ्र रिलीज करा कर काम शुरू करा दिया जाएगा।