मुजफ्फरनगर। जिले के 58 हजार से अधिक किसान सम्मान निधि से वंचित रह गए हैं। जिले में दो लाख 41 हजार 624 किसानों का पंजीकरण है, इनमें से केवल एक लाख 82 हजार 700 किसानों के खाते में ही सम्मान निधि आई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि का पैसा सीधे किसानों के खातों में भेजा है। जनपद में इस बार एक लाख 82 हजार 700 किसानों के खातों में यह पैसा पहुंचा है। पिछली किश्त में जनपद में केवल 78 हजार किसानों के खाते में ही पैसा पहुंच पाया था। इसकी वजह थी कि किसानों की केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी।
जिले में दो लाख 41 हजार 624 किसान कृषि विभाग में पंजीकृत हैं। इस बार भी केवाईसी की प्रक्रिया एक लाख 82 हजार 700 की पूरी हो पाई। इन सभी के खाते में पैसा पहुंच गया है।
उप निदेशक कृषि संतोष यादव का कहना है कि केवाईसी की प्रक्रिया अधिकतम किसानों की पूरी हो चुकी है। जिन किसानों के खातों में पैसा नहीं गया इनमें कुछ मृतक, कुछ ऐसे है जो गांव के बाशिंदे नहीं है। सीडीओ संदीप भागिया ने बताया कि जनपद के एक लाख 82 हजार 700 किसानों के खाते में पैसा पहुंच गया है। शेष रह गए किसानों की जांच कराई जा रही है।