पालिका कर्मचारी मनमानी बर्दाश्त नहीं करेंगे :सुधीर
खतौली। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार वाल्मीकि ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष तथा ईओ को पत्र भेजकर कहा कि पालिका कर्मचारियों को पालिका के बजट द्वारा एक समान पैसा दिया जाना चाहिए। इसमें कर्मचारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। कोई कर्मचारी नेता मनमानी करता है, तो उसे कर्मचारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। सुधीर कुमार ने पत्र में आरोप लगाते हुए कहा कि सुशासन संघ के महामंत्री नरेंद्र शर्मा चेयरमैन पर यूनियन का दबाव बनाकर अपना लाखों रुपये बकाया निकाल रहे हैं। बाकी कर्मचारियों का भुगतान 20-20 हजार रुपये किया जा रहा है। सभी कर्मचारियों का भुगतान बजट के अनुसार बराबर होना चाहिए। चेयरमैन या ईओ पर दबाव बनाकर अपने स्वार्थ के लिए राजनीति करने वालों पर कोई ध्यान न दिया जाए। बता दें कि विगत दिनों पालिका से सेवानिवृत्त हुए नरेंद्र शर्मा ने अपना बकाया रुपया दिए जाने को लेकर पालिका में धरना देने की चेतावनी दी थी।