किसानों के शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद होगी
बुढ़ाना। 23 सितंबर को आयोजित होने वाली किसान क्रांति पद यात्रा के प्रचार के लिए किसान क्रांति प्रचार रथ का बुढ़ाना में स्वागत हुआ। किसान क्रांति प्रचार रथ का मंगलवार को कस्बे के चौधरी चरण सिंह चौक पर स्वागत हुआ। युवा नेता गौरव टिकैत के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरणसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंड़े लेकर 23 सितंबर को आयोजित होने वाली किसान क्रांति पद यात्रा के प्रचार के लिए रैली निकाली। गौरव टिकैत ने बताया कि किसान व मजदूर के शोषण के खिलाफ किसान क्रांति पद यात्रा से आंदोलन की शुरूआत होगी। प्रदेश व केंद्र सरकार की नीतियों ने गरीब किसानों की कमर तोड़ दी है। फसलों के दाम जमीन पर तथा महंगाई आसमान को छू रही है। सरकार की किसान व गरीब विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश में चारो तरफ धरने प्रदर्शन हो रहे है। किसान क्रांति पद यात्रा के प्रचार के लिए प्रचार रथ के साथ कार्यकर्ताओं ने गांव- गांव जाकर इस यात्रा के बारे में प्रचार किया। इस मौके पर सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान, सुधीर, केपी ठेकेदार, यासीन कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।