मुजफ्फरनगर। शिक्षामित्रों ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा सांसद डॉ संजीव बालियान के आवास पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शिक्षामित्रों ने तीन दिन तक लगातार धरना प्रदर्शन किया। बुधवार को शिक्षामित्रों ने कलक्ट्रेट से धरना समाप्त किया और सांसद डॉ संजीव बालियान के आवास पर पहुंचे। यहां एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मुजीबुर्रहमान के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने सांसद के घर के बाहर प्रदर्शन किया। शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सांसद को ज्ञापन सौंपा और सरकार से उनकी समस्या का निस्तारण कराने की मांग की। सांसद ने शिक्षा मित्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को लेकर सरकार गंभीर है। उनकी मांग को वह मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। मौके पर मुजीबुर्रहमान, ब्रिजेश ठाकुर, सुबोध त्यागी सहित काफी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।