पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। दो सप्ताह से लापता छात्र का कोई सुराग नहीं लगने पर पीड़ित परिजनों ने इंस्पेक्टर का घेराव कर छात्र की बरामदगी की मांग की।
थाना क्षेत्र के ग्राम लखनौती निवासी क्रेशपाल का 18 वर्षीय पुत्र सौरभ खतौली क्षेत्र के ग्राम मनफोड़ा में अपने मामा के पास रहकर कक्षा 11 में पढ़ रहा था। गत तीन दिसंबर को वह परिजनों से मिलने आया था, जहां से अगले दिन रास्ते से लापता हो गया था। तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने छह दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छात्र को लापता हुए 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। शुक्रवार को परिजन भाजपा नेता राजू राठी के साथ थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर का घेराव कर छात्र की बरामदगी की मांग की। इस दौरान छात्र के परिजनों ने ग्राम छपार निवासी एक छात्र का नाम बताकर पुलिस से उस पर शक जाहिर कर छात्र से पूछताछ करने की भी मांग की है। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने छात्र के परिजनों को जल्द ही छात्र की बरामदगी का आश्वासन दिया है। इस दौरान क्रेशपाल, सीमा, बेबी रानी, ओमबीरी, विक्रांत कुमार, रविकुमार, राजू कुमार, अनुराग, कृष्ण बीर आदि मौजूद रहे।