नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सभासद आज लेंगे शपथ
खतौली/मोरना (मुजफ्फरनगर)। नगर पालिका के चुनाव में नवनिर्वाचित अध्यक्षा बिलकिस सहित सभासद मंगलवार को नगर पालिका में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पालिका कर्मचारियों ने सोमवार की शाम को ही तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली थी। एसडीएम राम अवतार गुप्ता के मुताबिक नगर पालिका के प्रांगण में मंगलवार को दिन के 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। उधर, नगर पंचायत भोकरहेड़ी में नवनिर्वाचित अध्यक्षा व सभासदों को मंगलवार को दोपहर बाद शपथ दिलाई जाएगी। एसडीएम जानसठ श्याम अवध चौहान ने बताया कि डीएम के आदेशानुसार मंगलवार को दिन में 11 बजे नगर पंचायत जानसठ, दोपहर 1 बजे नगर पंचायत मीरापुर तथा दोपहर 3 बजे नगर पंचायत भोकरहेड़ी में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।