गाजियाबाद में भी हादसे का शिकार होने से बची थी उत्कल
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के मुर्दा पट्टी निवासी युवक परवेज पुत्र अहसान नागपुर में वेल्डिंग का कार्य करता है। शनिवार को वह चरथावल आने के लिए निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से कलिंग उत्कल ट्रेन से आ रहा था। हादसे के बाद वह देर रात चरथावल में अपना घर पहुंचा। बकौल परवेज गाजियाबाद से निकलने के बाद ट्रेन के सामने एक युवक आ गया था। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर हादसा टाल दिया, ट्रेन वहां 10 मिनट रुकी रही। खतौली स्टेशन से निकलने के बाद घुमाव के बाद भी चालक ने ट्रेन की गति कम नहीं की। 100 स्पीड से चलने वाली ट्रेन के कोच पटरी से उतर गए। कोच के पहियों के पटरी पर टकराने से तेज आवाज शुरू हो गई। यात्रियों के शोर मचाने पर चालक ने करीब पांच सौ मीटर दूरी पर जाकर ट्रेन को रोका। इमरजेंसी ब्रेक लगाने से खचाखच भरे जनरल कोच में यात्री एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े और सभी को चोटें आईं।