फार्म मालिक ने कंपनी का फीड खाने से मौत होने का आरोप लगाया
चिकित्सा प्रतिनिधि (एमआर) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार। बसेड़ा स्थित एक फार्म में फीड खाने से 46 सूकर की मौत हो गई। फार्म मालिक ने थाने में कंपनी के चिकित्सा प्रतिनिधि (एमआर) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मृत सूकरों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है।
बसेड़ा निवासी सूकर फार्म मालिक शैल सिंह उर्फ संजय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि दो दिसंबर को एक फीड कंपनी का चिकित्सा प्रतिनिधि (एमआर) प्रदीप कुमार उनके फार्म पर आया और फीड दे गया। उन्होंने पांच दिसंबर से अपने सूकरों को फीड खिलाना शुरू किया। उसी दिन से कभी चार तो कभी ज्यादा सूकर की मौत होने लगी। बुधवार को भी दो सूकर की मौत हो गई। अब तक 46 सूकरों की मौत हो चुकी हैं। कंपनी का एमआर फोन भी नहीं उठा रहा है। पीड़ित ने कंपनी के एमआर के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।