महिला ने अपना घर तुड़वाकर दोबारा से बनवाना शुरू कर दिया, लेकिन किश्त नहीं मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। प्रधानमंत्री आवास योजना की पहले किस्त मिलने के बाद महिला ने अपना आशियाना तुड़वाकर दोबारा से बनवाना शुरू कर दिया। मगर, अभी तक दूसरी किश्त नहीं मिली है। पीड़िता ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। बताया कि किश्त के इंतजार में वह 42 हजार रुपये किराये के रूप में दे चुकी है।
शीतला नगर निवासी कमरजहां ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह गरीब महिला है। उसने प्रधानमंत्री आवास योजना में फार्म जमा किया था। पहली किश्त पचास हजार रुपये आने के बाद उसने मकान की नीव भरवा दी थी। मकान टूटने के कारण वह किराए पर रह रही है। पिछले जून 2021 के बाद दूसरी किस्त नहीं आई। दूसरी किस्त जल्द दिलाने के नाम पर दो लोगों ने उससे रिश्वत भी ली थी। पीड़िता ने बताया कि उसने पिछले साल से अब तक 42 हजार रुपये किराए में दे चुकी है। पीड़िता ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए है।