कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कराई गई निपुण एसेसमेंट टेस्ट (नैट) की परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में निपुण एसेसमेंट टेस्ट (नैट) की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 419 बालिकाएं उपस्थित रहीं, जबकि 166 ने परीक्षा छोड़ दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दो केंद्रों पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता के स्तर में वृद्धि के लिए बालिकाओं का सरल एप के माध्यम से निपुण एसेसमेंट टेस्ट कराया गया। सुबह 10 से साढ़े 11 बजे तक परीक्षा चली। केजीबीवी सदर में पंजीकृत 100 में से 80, शाहपुर में 100 में से 75, बुढ़ाना में 92 में से 75, खतौली में 100 में से 32, मोरना में 50 में से 48, पुरकाजी में 50 में से 42, चरथावल में 43 में से 34 और जानसठ में 50 में से 33 बालिकाओं ने परीक्षा दी।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के जिला समन्वयक व खंड शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश तिवारी ने बताया कि सबसे कम खतौली विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई गई। कांवड़ के चलते अभिभावक बालिकाओं के लेकर चले गए थे। इस कारण कम संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं। वहीं, बीएसए शुभम शुक्ला ने सदर और चरथावल कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बालिकाओं की कॉपियां भी चेक की।