किसान का बैंक में हंगामा
जानसठ।
पीएनबी शाखा में कर्मचारी द्वारा अभद्रता करने पर किसान ने हंगामा खड़ा कर दिया। किसान ने इसकी शिकायत भाकियू नेताओं से की।
मोहल्ला आदर्श कालोनी निवासी किसान ओमसिंह की गांव नंगला मुबारिक में खेतीबाड़ी की भूमि है। बृहस्पतिवार को किसान पीएनबी शाखा में गया। उसने बैंक कर्मचारी से कृषि ऋण लेने के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि कर्मचारी ने ऋण देने के लिए किसान से रिश्वत मांगी। किसान ओमसिंह ने इसका विरोध किया तो किसान के साथ कर्मचारी ने अभद्रता की। जिसको लेकर किसान ने हंगामा खड़ा कर दिया। किसान ने इसकी शिकायत भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष विपिन मेंहदीयान से की। ब्लाक अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि कर्मचारी ने किसान से माफी नहीं मांगी तो वे बैंक पर धरना व प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। किसान ने इसकी शिकायत बैंक के उच्चाधिकारियों से भी की है।