किसानों ने तौल बंद होने पर हंगामा काटा
सिखेड़ा। सिखेड़ा गांव बेहड़ा अस्सा में मंसूरपुर शुगर मिल में लगे कांटा पर पिछले चार दिनों से तौल बंद होने से किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया। किसानों का आरोप है कि सुपरवाइजर हठधर्मिता के कारण तौल नहीं होने दे रहा है। हंगामा कर रहे किसानों ने बताया कि सोमवार को सुपरवाइजर ने किसानों से कहा था कि मंगलवार को गन्ना क्रय केंद्र पर तौल की जाएगी, लेकिन जैसे ही किसान अपना गन्ना लेकर गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचे, गन्ना क्रय केंद्र पर कोई भी तौल कर्मी मौजूद नहीं था। इसको लेकर किसानों में रोष फैल गया। किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर हंगामा खड़ा कर दिया। किसानों ने मिल अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। अधिकारियों के कहने पर सुपरवाइजर अजय कुमार अपने साथ तौल कर्मियों को लेकर दोपहर को पहुंचे, तब कहीं जाकर गन्ना तौल प्रारंभ हुई। हंगामा करने वालों में गौरव, प्रदीप, प्रवेश, धीरज, आदित्या, उदयवीर, सतपाल, सुभाष, रामकुमार आदि किसान मौजूद रहे।