सड़क हादसे में दो लोग घायल
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। शामली के दयानंद नगर निवासी सुरेंद्र पंवार अपनी पत्नी के साथ बाइक द्वारा अपने पैतृक गांव दोघट जा रहा था। रविवार को सुबह मेरठ-करनाल हाईवे पर फुगाना गांव के पास साइकिल सवार ग्रामीण को बचाने के चक्कर में संतुलन बिगड़ने के कारण सुरेंद्र पंवार पत्नी व बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हेलमेट न होने के कारण उसके सिर में चोट लग गई। घटना की सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने सुरेंद्र पंवार को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। दूसरी घटना में क्षेत्र के गांव सफीपुर निवासी वाहिद सुबह सवेरे भैंसा बुग्गी में सब्जी लेकर कस्बे की सब्जी मंडी में जा रहा था। इसी दौरान कस्बे के बीच कांधला रोड पर रोडवेज की टक्कर लगने से उसकी बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई। वाहिद भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। गंभीर अवस्था में वाहिद को चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।