घर की लक्ष्मी के सम्मान से आती है लक्ष्मी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव सरधन में शिव मंदिर में श्रीराम कथा के चौथे दिन कथावाचक कुलदीप कृष्ण महाराज ने धनुष यज्ञ और श्रीराम विवाहोत्सव का वर्णन किया।
बुधवार को आयोजित श्रीराम कथा में महाराज ने कहा कि अगर घर में लक्ष्मी का आगमन चाहते हो तो घर की लक्ष्मी का सम्मान करें। घर में पत्नी का सम्मान करें। जो व्यक्ति घर में पत्नी का सम्मान नहीं करता है, उसके घर दरिद्रता आ जाती है। भगवान का कोई स्वरूप नहीं होता है। उसे भक्त जिस रूप में देखना चाहता है वे वही रूप धारण कर लेता है, जो भक्त उसे नाम देता है। वही उसका नाम होता है। जब भगवान धनुष धारण करते हैं तो राम का स्वरूप होता है, जब चक्र धारण करते हैं नाम कृष्ण होता है और जब त्रिशूल धारण होता है तो शिव नाम होता है। कथा के मुख्य यजमान समाजसेवी राजपाल प्रजापति रहे। इस दौरान नाहर सिंह, धर्मवीर सिंह, पूर्व प्रधान दिनेश कुमार, आत्माराम तंवर, सुमित, पंकज तंवर, अशोक शर्मा, अभिषेक, रोहित, बालकराम, अनिल कुमार, सतपाल, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।