जेल से दो माह के पेरोल पर छोड़े जाएंगे 41 कैदी
मुजफ्फरनगर। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते सुप्रीम कोर्ट द्वारा सात साल से कम सजा वाले कैदियों को पेरोल पर छोड़े जाने के निर्देशों के तहत जेल प्रशासन द्वारा 41 कैदियों की सूची तैयार कर शासन को भेजी गई है। शासन के आदेश आते ही इन कैदियों को दो माह के पेरोल पर छोड़ा जाएगा। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि जेल में फिलहाल 2247 कैदी व विचाराधीन बंदी मौजूद हैं। शासन से आदेश मिलते ही इन सभी 41 कैदियों को दो माह के पेरोल पर छोड़ दिया जाएगा। उधर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में सीजेएम कोर्ट ने शनिवार को दो विचाराधीन बंदियों को मुचलकों पर रिहा कर दिया। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीजेएम कोर्ट ने दोनों विचाराधीन बंदियों को मुचलकों पर रिहा किए जाने के निर्देश दिए थे, जिसके अनुपालन में उन्हें छोड़ दिया गया है।