संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने नगर पालिका के कर्मचारियों को साथ लेकर पॉलीथिन बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। भगत सिंह रोड पर आठ दुकानों से 40 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर 33 हजार का जुर्माना किया गया।
प्रदूषण रोकने और पर्यावरण की शुद्धता के लिए केंद्र सरकार ने पॉलीथिन की बिक्री और प्रयोग दोनो पर रोक लगा दी है। इसे लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। बाजार में सिंगल यूज पॉलीथिन का प्रयोग रोकने को नगर पालिका दुकानों पर जहां लगातार छापा मार रही है, वहीं अब प्रदूषण नियंत्रण विभाग भी सक्रिय हो गया है। शनिवार को अधिकारियों ने नगर पालिका कर्मियों को साथ लेकर भगत सिंह रोड पर दुकानदारों के यहां चेकिंग की। आठ दुकानों से 40 किलो पॉलीथिन जब्त की गई है। इन दुकानदारों पर 33 हजार का जुर्माना भी किया है। प्रदूषण विभाग की कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मचा रहा। ईओ हेमराज ने बताया कि जुर्माने की राशि वसूल ली गई है।