मुजफ्फरनगर। वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान रविवार को भी जारी रहा। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि रविवार को लॉकडाउन उल्लंघन के लिए चलाए गए अभियान के दौरान 50 लोगों के खिलाफ धारा-188 के तहत 11 मुकदमें दर्ज किए गए हैं। इनमें से 42 लोग हेल्पलाइन नंबर पर भेजी गई वीडियो क्लिप के माध्यम से चिन्हित किए गए हैं, जिनके खिलाफ होम डिलीवरी अभियान के तहत आठ मुकदमें दर्ज कर एफआईआर की कॉपी उनके घरों पर चस्पा कर दी गई है। इसके अलावा वाहनों के खिलाफ भी चेकिंग अभियान चलाते हुए रविवार को कुल 381 वाहनों के चालान काटे गए। इन वाहन चालकों से 91,100 रुपये का शमन शुल्क भी वसूल किया गया है। चेकिंग अभियान के दौरान 19 वाहनों को सीज भी किया गया है।