15 मार्च से लगेंगे पशुओं को खुरपका मुंहपका के टीके
मुजफ्फरनगर। जिले में पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी से रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिलास्तर पर 38 टीमों का गठन किया गया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ हुकुम सिंह ने बताया कि जनपद में 15 मार्च से गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में खुरपका एवं मुंहपका बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। जिले में सात लाख 22 हजार 825 पशुओं को लक्ष्य बनाकर टीकाकरण के लिए 38 टीमों का गठन किया गया है। टीकाकरण चार माह से कम आयु और आठ माह से अधिक गर्भित पशुओं का नहीं होगा। अभियान को लेकर विभाग ने अपनी सभी तैयारी पूरी कर ली हैं।