लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई
खतौली/जानसठ। संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ अंकित अग्रवाल ने लंबित शिकायतों पर नाराजगी जाहिर करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्ज शिकायतों का मौके पर पहुंच कर ही निस्तारण होना चाहिए, जिससे पीड़ित को न्याय मिल सके। तहसील दिवस में दर्ज 20 शिकायतों में किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान सीओ डा. राजीव कुमार सिंह, तहसीलदार अमित कुमार, तहसीलदार न्यायिक नीरज शर्मा, बीडीओ योगेंद्र लाल भारती आदि अधिकारी मौजूद रहे। उधर, जानसठ तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन हरीश चंद्र ने शिकायतें सुनीं। तहसील दिवस में 23 शिकायत आई, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण हो सका। एडीएम ने कहा कि बाकी शिकायतों का निस्तारण सभी अधिकारी गंभीरता से समय से करें, जिससे शिकायतकर्ता को परेशानी ना हो और उसे न्याय मिल सके। उन्होंने पिछली शिकायतों के बारे में भी जानकारी ली। तहसील दिवस में बिजली, पुलिस, चकरोड़, तालाब पर कब्जे की शिकायतें आई। तहसील दिवस में बीडीओ विजय प्रताप यादव, तहसीलदार मनोज कुमार, एसीओ चकबंदी शिल्पा कर्णवाल, एसडीओ विद्युत भुवनराज सिंह, इंस्पेक्टर अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।