ग्रामीणों ने श्रमदान कर मार्ग निर्माण शुरू किया
मोरना (मुजफ्फरनगर)। गांव करहेड़ा के ग्रामीणों ने श्रमदान कर मार्ग निर्माण शुरू कर दिया है।
दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना से दो किलोमीटर दूरी पर स्थित गांव करहेड़ा के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से मार्ग की खस्ताहाल से परेशान थे। गन्ने के सीजन में किसानों की भैंसा बोगी व ट्रैक्टर ट्रॉली अक्सर पलट जाती थी, जिससे जानमाल की हानि होती थी। आम जन प्रतिनिधियों से लेकर क्षेत्र के सांसद से भी ग्रामीणों ने मार्ग को बनवाने के लिए बार-बार गुहार लगाई। समस्या का समाधान न होते देख गांव के कुछ व्यक्तियों ने सड़क को बनाने के लिए भगीरथी प्रयास आरंभ किए तथा प्रत्येक किसान से श्रमदान करने व चंदा देने की अपील की। इस पर ग्राम करहेड़ा के अलावा ग्राम तिस्सा, अलीपुर, किशनपुर, रूडकली, तेवड़ा आदि के ग्रामीण इसमें श्रमदान कर रहे हैं। वहीं, रजवाहे की दूसरी पटरी खाली वाहनों के गुजरने के लिए तैयार की जा रही है। दिन रात की कड़ी मेहनत की प्रशंसा हो रही है। क्षेत्र के कुछ अन्य खस्ताहाल मार्गों को बनाने के लए भी ग्रामीणों ने श्रमदान कर बनाने के विचार पर चर्चा की है। ग्राम प्रधान धीरज कुमार, बाबा नरेशपाल, मनोज राठी, संजय राठी, राजपाल सिंह, बिंदर लंबरदार, प्रदीप कुमार, पूरण सिंह, जोगिन्दर, राजकुमार, संजीव, पंकज, प्रमोद, सुभाष लाला, रविन्द्र, हरि सिंह, विपिन आदि सहित सैकड़ों ग्रामीणों का सहयोग रहा।
-