त्योहारों को आपसी सद्भाव के साथ मनाएं
मुजफ्फरनगर। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि दशहरा, मोहर्रम और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्था की गई है। सीओ और थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक कर लोगों को समझाएं कि यदि किसी ने कोई गड़बड़ी की तो कार्रवाई होगी। जिला पंचायत के सभागार में डीएम और एसएसपी ने समाज के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक ली। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि मोहर्रम के जुलूसों के मार्गों की विशेष सफाई व्यवस्था कराई जाएगी तथा जुलूस के मार्गो की मरम्म्त भी कराई जाएगी। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को मार्गोें में पड़ने वाले विद्युत तारों को तत्काल ऊपर कराने के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के ईओ से सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा। शहर के अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों, पुरकाजी, मीरापुर, जानसठ, बुढाना, शाहपुर आदि क्षेत्रों में भी दशहरा पर्व और मोहर्रम के जुलूसों की विशेष सुरक्षा के आदेश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनंत देव तिवारी ने कहा कि प्रत्येक त्योहार पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी हालत में गड़बड़ी नहीं करने दी जाएगी। अगर किसी ने अशांति फैलाने की कोशिश की तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जेल भेजा जाएगा। अराजकतत्वों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। बैठक में एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र, एडीएम वित्त सुनील कुमार, एसपी सिटी ओमवीर सिंह समेत सभी एसडीएम और सीओ मौजूद रहे।