- लोकसभा चुनाव में 38 प्रत्याशी मैदान में उतरे
- चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी किया नामांकन
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन 27 प्रत्याशियों ने 30 नामांकन फार्म दाखिल किए। कुल 38 प्रत्याशियों ने 45 नामांकन दाखिल किए हैं। चरथावल के सपा विधायक पंकज मलिक ने पत्नी के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक और बसपा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति दोबारा नामांकन करने पहुंचे।
बुधवार को नामांकन के लिए अधिक प्रत्याशी आ जाने के कारण शाम 7:30 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चली। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप सुबह 11 बजे से देर रात तक नामांकन कक्ष में ही जमे रहे। नामांकन को लेकर कचहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक और बसपा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति ने अंतिम दिन दोबारा नामांकन दाखिल किया। हरेंद्र मलिक तीन और दारा सिंह प्रजापति दो सेट नामांकन दाखिल कर चुके हैं। चरथावल से विधायक पंकज मलिक और उनकी पत्नी पायल मलिक ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
अंतिम दिन इन्होंने दाखिल किए नामांकन पत्र
अंतिम दिन नामांकन करने वालों में अब्दुल्लापुर मोर माजरा शामली के बीरबल सिंह, गाजावाली के नरेंद्र कुमार, खालापार के शाह आलम, सिकंदरपुर के सतीश, गांधी काॅलोनी के मानवेंद्र, रथेड़ी के आस मोहम्मद, कवाल के सैय्यद अब्बास, कस्सावान के आदिल, लुहारी खुर्द के मनोज सैनी, प्रेमपुरी के अंकुर, खुब्बपुरा के शशिकांत, काजीखेड़ा के चंद्रवीर, मोड खुर्द हस्तिनापुर के लियाकत, धमात के सतीश कुमार, नया बांस के हंस कुमार, गऊशाला की रेनू शर्मा, हुसैनपुर बोपाड़ा के रणधावा, लछेड़ा के अंकित, मोहम्मदपुर राय सिंह के सुशील, कायस्थवाड़ा के मनुज वर्मा, बिलासपुर के इमरान अली, योगेंद्रपुरी के शमीम, घासीपुरा के शेरखान, चांदसमंद के निर्मल प्रताप सिंह, प्रेमपुरी निवासी विधायक पंकज मलिक, प्रेमपुरी की पायल मलिक ने नामांकन दाखिल किया है।
तीन बजे के बाद पहुंंचे प्रत्याशी
नामांकन स्थल पर ढाई बजे तक सात प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे। इसके बाद 20 से अधिक प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंच गए। तीन बजे तक जितने प्रत्याशी नामांकन स्थल पर पहुंचे उन सबको अंदर ले लिया गया। देर शाम साढ़े सात बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चली।