शहर में चल रहा नकली नोटों का धंधा :
- पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, जांच-पड़ताल में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में नकली नोटों का धंधा चल रहा है। नई मंडी की पीएनबी की शाखा द्वारा जमा कराए नोटों में 50 रुपये के 27 नोट मिलने और मुकदमा दर्ज होने के बाद स्पष्ट हो चला है। इससे पहले भी शहर के ही दो बैंकों में नकली नोट मिलने के मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं।
पंजाब नेशनल बैंक की नई मंडी शाखा में पचास रुपये के 27 नोट मिलने का मामला सामने आया है। बताया गया कि कई माह पहले पीएनबी की इस शाखा द्वारा करेंसी चेस्ट में रुपये जमा कराए गए थे जो बाद में रिजर्व बैंक भेजे गए तो वहां पर 50 रुपये वाले 27 नोट नकली मिले। इस बारे में रिजर्व बैंक आफ इंडिया के दावा अभिकरण मैनेजर प्रणीत पिंजर्ला ने नई मंडी कोतवाली में प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसका डाटा एनसीआरबी में भी रिकार्ड कराया हैं। इस बारे में भारतीय करेंसी का मुद्रण करने वाले प्रेस देवास और नासिक सहित फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री के अधिकारियों को अलर्ट किया है। मुकदमा दर्ज कराने के बाद पीएनबी के एलडीएम ने भी मामले में जांच के आदेश दिए है। मंडी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
-
पहले भी मिले थे इसी शाखा में नकली नोट
पिछले साल दिसंबर माह में इस बैंक की शाखा में सौ रुपये वाले 18 नकली नोट मिले थे। तभी भी मुकदमा दर्ज कराया गया था। एक अन्य मामला सिविल लाइन थाने में दर्ज कराया गया था। संवाद