मुजफ्फरनगर। जिले के विद्यालयों में आयोजित हुई भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में लगभग 26 हजार परीक्षार्थियों ने भाग लिया। करीब पांच सौ बच्चे परीक्षा में अनुपस्थित रहे। डीआईओएस ने कई विद्यालयों में जाकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गायत्री परिवार ट्रस्ट की ओर से कक्षा पांच से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए जिले के दो सौ विद्यालयों में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए पंजीकृत लगभग 26 हजार 500 बच्चों में से करीब 26 हजार उपस्थित हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने विद्यालयों में जाकर परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने वैदिक पुत्री कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं से बातचीत कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इसके अलावा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। परीक्षा की जिला संयोजिका रुकमणी भारद्वाज ने बताया कि शहर के एसडी पब्लिक स्कूल में सबसे अधिक संख्या चार हजार बच्चों ने परीक्षा दी। इसके अलावा एसडी कन्या इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज, शिक्षा सदन इंटर कॉलेज सहित कबूल कन्या इंटर कॉलेज में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही।
इस मौके पर डॉ. रामनिवास वर्मा, अशोक वर्मा, सोमपाल, देवशरण, डॉ. ओमपाल, शिव नंदन, मीनू त्यागी, अनिल शर्मा, राम मोहन शर्मा, आर्यन पराशर सहित सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का विशेष सहयोग रहा।
- एमएम जूनियर हाई स्कूल में हुई परीक्षा
भोपा। एमएम जूनियर हाई स्कूल भोपा में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन शांतिकुंज के तत्वाधान में किया गया। शांतिकुंज हरिद्वार की प्रज्ञा मंडल मोरना के प्रभारी ओमपाल सिंह चौहान, विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र राठी ने बताया की भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में लगभग 50 बच्चों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति परीक्षा का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा, भारतीय संस्कृति,संस्कार व ज्ञान पैदा करना है। परीक्षा को संपन्न कराने में सोनम, रिफत, पूजा, संजना, दीपाली, रीना, चिंटू आदि का सहयोग रहा।