देवबंद सहकारी गन्ना समिति में कृषक मेले का उद्घाटन करते किसान नेता श्यामवीर त्यागी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। सहकारी गन्ना विकास समिति में प्रांगण में 12 सितंबर से चल रहे कृषक मेले में बारिश के बावजूद किसानों की भीड़ नजर आई। अधिकारियों ने बताया कि मेले में अब तक 513 किसानों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई हैं। जिनमें से 231 शिकायतों का मौके पर निस्तारण करा दिया गया।
मेले का उद्घाटन भारतीय किसान संघ के प्रदेश संयोजक श्यामवीर त्यागी ने किया। कृषक मेले में शुक्रवार को गन्ना सर्वे क्षेत्रफल, कृषि योग्य भूमि, गाटा संख्या, घोषणा पत्र भरना, मोबाइल व आधार कार्ड नंबर को बैंक खाते में गड़बड़ी दुरुस्त करने के अलावा ऑनलाइन सदस्य के लिए किसानों के फार्म भरे।
सचिव प्रभारी प्रेमचंद चौरसिया ने बताया कि मेले का आयोजन 25 सितंबर तक किया जाएगा। किसान अपने गन्ना खाते और कृषि से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि को मेले में आकर दुरुस्त करा सकते हैं। जिन किसानों ने अभी तक घोषणा पत्र नहीं भरे हैं वह तुरंत भरकर जमा करा दें। अन्यथा उनका सट्टा किसी भी दशा में संचालित नहीं होगा। कृषक मेले में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।
ऑनलाइन सदस्यता प्राप्त किए जाने तथा उपज बढ़ोतरी शुल्क जमा किए जाने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित है। इस मौके पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अभय कुमार ओझा व मनोज कुमार राठौर आदि मौजूद रहे।