बारिश में बिजली हो गई गुल
चरथावल। सर्दी में ठिठुरन के साथ चरथावल क्षेत्र के करीब दर्जनभर गांवों की विद्युत आपूर्ति 24 घंटों से ज्यादा ठप रही। बारिश से बढ़ी ठंड ने अधिकांश लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। शामली जिले के जलालाबाद से चरथावल आने वाली विद्युत लाइन में हमेशा की तरह आए फाल्ट ने एक दिन से भी ज्यादा विद्युत आपूर्ति पर ब्रेक लगा दिया, जिससे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से लोगों का निकलना दूभर हो गया। चरथावल के बारू सिंह, बधाई कलां के पिंकी, किशनपुरा माजरा के दिनेश कुमार, लुहारी खुर्द के गालिब और बिरालसी के मोहन सिंह ने बताया कि बारिश गेहूं और दलहन की फसल के लिए लाभदायक होगी। प्रगतिशील किसान अरविंद मलिक ने बताया कि ईख की फसल में एक प्रतिशत की रिकवरी होने का अनुमान है।