फ्लाईओवर बनने से नहीं मिली किसानों को राहत
मंसूरपुर। रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर बनने से जहां बड़े वाहनों तथा दुपहिया वाहन चालकों को राहत मिली। वहीं, शुगर मिल में भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर आने वाले किसानों की समस्या जस की तस है। रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। फ्लाईओवर बनने से लोगों ने काफी राहत महसूस की है। दुपहिया वाहन, कार तथा अन्य खाली वाहन बिना किसी व्यवधान के फ्लाईओवर के ऊपर से चले जाते हैं। पहले इन वाहनों को भी रेलवे फाटक बंद होने पर घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था। शुगर मिल में ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लेकर आने वाले किसान फ्लाईओवर के ऊपर से मिल में आ जाते हैं। लेकिन भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर आने वाले किसानों को अभी भी रेलवे फाटक बंद हो जाने पर काफी देर तक खड़े रहना पड़ता है। गांव फहीमपुर निवासी किसान गौरव कुमार का कहना है कि उसने ट्रैक्टर ट्राली खरीद ली है। गांव दूधाहेड़ी के किसान संजीव राठी, मोघपुर के किसान जगसन मलिक का कहना है कि शुगर मिल प्रशासन को किसानों को राहत देने के बारे में सोचना चाहिए।