राशन की दुकान पर हंगामा
खतौली। राशन की दुकान पर धांधलेबाजी को लेकर सभासद पति और कार्ड धारकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। सभासद पति ने राशन डीलर द्वारा राशन वितरण में की जा रही धांधलेबाजी की शिकायत अधिकारियों से की। नगर पालिका सभासद पति वकील अहमद मंसूरी अपने साथ कार्ड धारकों को साथ लेकर रविवार को मोहल्ला सराफान स्थित राशन डीलर की दुकान पहुंचे। राशन डीलर पर राशन वितरण में धांधलेबाजी का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस बीच सभासद पति की राशन डीलर के साथ नोंकझोंक हुई। सभासद पति का कहना है कि राशन डीलर द्वारा जिस राशन कार्डधारक के 10 यूनिट है। उसको मात्र आठ यूनिट राशन दे रहे हैं। कार्डधारक इसका विरोध करते हैं तो उनका राशन कार्ड काटने की धमकी दी जाती है। सभासद पति ने इस संबंध में अधिकारियों से भी शिकायत की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर राशन डीलर ने राशन वितरण में धांधलेबाजी बंद नहीं की तो वे तहसील में धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।